नयी दिल्ली , सितंबर 23 -- भारतीय युवा कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसले पर दो चुनाव आयुक्तों द्वारा दर्ज की गयी आपत्तियों तथा उनसे जुड़े फैसलों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता वरूण पांडे ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रदर्शनकारी युवा कांग्रेस कार्यालय से चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें आगे जाने से रोक दिया।

श्री पांडे ने बताया कि इस दौरान युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जब तीन में से दो चुनाव आयुक्त किसी फैसले पर 14 बार आपत्ति दर्ज करते हैं तो देश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि ये आपत्तियां किस मुद्दे पर थीं और उन पर क्या निर्णय लिया गया।

युवा कांग्रेस ने एक अंग्रेजी दैनिक में प्रकाशित खबर का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले दस महीनों में मतदाता सूची और चुनाव आयोग के कामकाज से जुड़े विभिन्न फैसलों पर 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज करायी। संगठन ने इन आपत्तियों और उनसे जुड़े फैसलों को सार्वजनिक करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित