पटना , अक्टूबर 13 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने देश की संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को कुचलने का काम किया है।

श्री यादव ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन के सभी दल एकजुट हैं और इसके लिए वह कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हैं।

राजद नेता ने आरोप लगाया कि पहले जांच एजेंसियों की विश्वसनीयता खत्म की गई और अब चुनाव आयोग भी उससे आगे निकलकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार जैसे लोगों ने जनविश्वास और लोक आस्था को चोट पहुंचाई है।

श्री यादव ने ज्ञानेश कुमार पर कठपुतली की तरह काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके लिए उन्हें सजा जरूर मिलेगी और ऐसे लोग बच नहीं पाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित