झुंझुनू , जून 18 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के धनूरी थाना क्षेत्र में चुड़ैला गांव में बुधवार रात एक युवक का शव गांव में खड़ी एक कार में मिला।
परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए गांव के ही एक युवक और उसके साथियों पर आरोप लगाए हैं। मृतक की पहचान चुड़ैला निवासी 25 वर्षीय चंदन मेघवाल के रूप में हुई है।
मृतक के पिता सतीश मेघवाल ने बताया कि उनका बेटा पिछले कई वर्षों से चेन्नई में मजदूरी का काम करता था। 15 जून की रात वह अचानक घर पहुंचा था और काफी तनाव में दिखाई दे रहा था। इसके बाद 16 जून की सुबह गांव का ही रोनित जाट उसे अपने साथ ले गया। पिता के अनुसार जब उन्होंने बेटे से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसने फोन नहीं उठाया।
सत्रह जून की शाम को रोनित के घर के सामने खड़ी उसकी ही कार में चंदन का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला। पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि जिन लोगों के साथ चंदन को आखिरी बार देखा गया था। उन्हीं पर हत्या का संदेह है।
दूसरी ओर इस मामले ने तूल पकड़ लिया था। गुरुवार को पोस्टमार्टम से पहले परिजन और ग्रामीण धरने पर बैठ गए। जिला मुख्यालय पर स्थित राजकीय बीडीके जिला अस्पताल के शवगृह के बाहर गांव के सरपंच प्रतिनिधि राजीव तिलोटिया के नेतृत्व में शुरू हुए धरने में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौजूद रहे।
उन्होंने बताया कि चंदन की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उसकी मौत सामान्य नहीं हो सकती। शव की स्थिति और परिस्थितियां भी कई सवाल खड़े कर रही हैं। पुलिस ने गुरुवार को हत्या की धाराओं में मामला दर्ज करने के बाद मेडिकल बोर्ड से चंदन के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजनों को सुपुर्द किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित