चंडीगढ़ , अगस्त 12 -- पंजाब के वित्त मंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता हरपाल सिंह चीमा ने शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि अकाली दल अब राजनीतिक जमीन बचाने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्र की जांच एजेंसियों की भाषा बोल रहा है।
श्री चीमा ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में ईडी की ओर से पंजाब के पुलिस महानिदेशक कोभेजे गये पत्र को लेकर अकाली दल की ओर से दिये जा रहे बयानों की आलोचना करते हुए कहा कि अकाली दल ने अपने सिद्धांत छोड़ दिये हैं और अब वह भाजपा तथा केंद्रीय जांच एजेंसियों के लिए प्रवक्ता की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि अकाली दल द्वारा ईडी के पत्र को आप सरकार को बदनाम करने के लिए इस्तेमाल करना इसकी राजनीतिक दिशा को स्पष्ट करता है।
वित्त मंत्री ने 2007 से 2017 के अकाली-भाजपा शासन का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान नशे, भ्रष्टाचार और बेअदबी जैसी घटनाओं ने पंजाब के सामाजिक एवं आर्थिक ढांचे को गहरा नुकसान पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग उस दौर को भूले नहीं हैं, जब चिट्टे के नशे ने युवाओं को प्रभावित किया और राज्य को 'उड़ता पंजाब' जैसी बदनामी झेलनी पड़ी। उन्होंने दावा किया कि अकाली-भाजपा शासन के दौरान नशा माफिया के प्रभाव के कारण अनेक परिवारों को अपने बच्चों के भविष्य की चिंता सताती थी और कई माता-पिता ने अपनी जमीन, घर तथा जीवनभर की जमा पूंजी खर्च कर बच्चों को विदेश भेजने का रास्ता अपनाया।
केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए श्री चीमा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग जैसी केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय अथवा विपक्षी दलों की सरकारों पर दबाव बनाने के लिए इन एजेंसियों का इस्तेमाल लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में विश्वास नहीं है तथा केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और निर्वाचित सरकारों को अस्थिर करने के लिए किया जा रहा है।
श्री चीमा ने कहा कि अकाली दल और भाजपा के बीच लंबे समय तक गठबंधन रहा है और पंजाब की जनता दोनों दलों की राजनीति को अच्छी तरह समझती है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जमीन बचाने के लिए अकाली दल का केंद्रीय एजेंसियों के कथित दबाव में काम करना पंजाब के लोगों से छिपा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि ईडी या अकाली दल की ऐसी राजनीतिक रणनीतियां पंजाब की जनता को गुमराह करने अथवा आप सरकार के कामकाज को प्रभावित करने में सफल नहीं होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित