पिथौरागढ़ , मई 22 -- चीन सीमा से सटे गुंजी वाइब्रेंट विलेज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत शुक्रवार को "हरित योग" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की सातवीं वाहिनी द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. चंद्रकला भैसोड़ा द्वारा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि देव के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम में 50 से अधिक सेना के जवानों, ग्रामीणों एवं अतिथि गणों ने प्रतिभाग करते हुए योगाभ्यास किया। उपस्थित प्रतिभागियों ने योग के प्रति जागरूकता व्यक्त करते हुए संकल्प लिया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान गुंजी और उत्तराखंड पुलिस से सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक विमला गुंज्याल, अति विशिष्ट अतिथि के रूप में गोविंद सिंह ह्यांकी, डिप्टी कमांडेंट, आइटीबीपी सातवीं वाहिनी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री के.एस. गुंज्याल ( पूर्व उपमहानिरीक्षक, बीएसएफ), श्रीमती सविता नपालच्याल (ग्राम प्रधान नपलच्यू) एवं श्रीमती लक्ष्मी गुंज्याल (सरपंच गुंजी) के अलावा अतिथि गणों में श्री संजय ओझा, ऑडिटर (ऑडिट विभाग, देहरादून) एवं सब इंस्पेक्टर श्री गोपाल सिंह (एसएस बी गुंजी) भी मौजूद रहे।
आयुष विभाग की ओर से कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु नोडल अधिकारी डॉ. नीरज कोहली, नोडल अधिकारी योग दिवस डॉ. भगवती जोशी, ब्लॉक प्रभारी डॉ. राकेश खाती, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. हेमलता पायर, प्रभारी चिकित्सक गुंजी डॉ. सुखदेव सिंह एवं योग अनुदेशक श्री रवि पांडेय उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित