मुनस्यारी , जून 15 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ जिले में चीन सीमा से लगे उच्च हिमालयी क्षेत्र मल्ला जोहार के गांवों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर 16 जून से दो दिवसीय 'क्लीन द हिमालया' अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान सोसायटी फॉर एक्शन इन हिमालया के बैनर तले आयोजित किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय समुदाय को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और हिमालय संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।

सोसायटी के अध्यक्ष जगत सिंह मर्तोलिया ने बताया कि अभियान 16 जून को लगभग साढ़े दस हजार फुट की ऊंचाई पर स्थित बुर्फू गांव से शुरू होगा। इसके बाद अभियान बिल्जू, मिलम, मापा, गनघर और पाछू गांवों तक पहुंचेगा। वहीं 17 जून को मर्तोली, रिलकोट और लास्पा गांवों में स्थानीय समुदाय के साथ संवाद कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि मल्ला जोहार क्षेत्र के अधिकांश गांव अब सड़क मार्ग से जुड़ चुके हैं और मिलम तक मोटर मार्ग सुचारु होने के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही में लगातार वृद्धि हुई है। ऐसे में यदि समय रहते कूड़ा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई तो उच्च हिमालय का यह संवेदनशील क्षेत्र प्रदूषण और ठोस अपशिष्ट की गंभीर समस्या से जूझ सकता है।

श्री मर्तोलिया ने कहा कि अभियान का उद्देश्य स्थानीय समुदाय को यह सिखाना है कि बिना अतिरिक्त खर्च के दैनिक जीवन में निकलने वाले कचरे का बेहतर प्रबंधन कैसे किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि "हिमालय बचेगा तभी दुनिया बचेगी", इसलिए हिमालयी क्षेत्रों को पर्यावरणीय दृष्टि से सुरक्षित और संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। अभियान के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) से भी सहयोग मांगा गया है।

अभियान में मल्ला जोहार विकास समिति भी सक्रिय भागीदारी करेगी। समिति के अध्यक्ष श्रीराम सिंह धर्मसक्तू ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का असर हिमालयी क्षेत्रों में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। हिमनदों, जल स्रोतों, वनस्पतियों और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए जनजागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

आयोजकों का मानना है कि यह अभियान न केवल स्वच्छता को बढ़ावा देगा, बल्कि हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित