बीजिंग , मार्च 05 -- चीन के प्रमुख आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) उद्योग का मूल्य 2025 में 1.2 लाख करोड़ युआन (लगभग 173.9 अरब डॉलर) से अधिक रहा।
उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ली लेचेंग ने गुरुवार को नेशनल पीपल्स कांग्रेस (संसद) के वार्षिक सत्र से इतर बताया कि पिछले साल देश में एआई कंपनियों की संख्या 6,200 से अधिक हो गई।
श्री ली ने कहा कि चीन के कारखानों और दैनिक जीवन में एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। 2025 के अंत तक कम से कम दो करोड़ युआन के वार्षिक टर्नओवर वाले 30 प्रतिशत से अधिक विनिर्माण उद्यमों ने एआई तकनीक को अपना लिया था, जबकि चीनी कंपनियों ने 300 से अधिक 'ह्यूमनॉइड रोबोट' उत्पाद बाजार में उतारे थे।
मंत्री ने कहा कि चीन द्वारा विकसित एआई मॉडल वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं और पिछले एक साल में ओपन-सोर्स एआई मॉडल के डाउनलोड के मामले में चीन दुनिया भर में पहले स्थान पर रहा है।
इस साल की सरकारी कार्य रिपोर्ट में भी एआई पर विशेष जोर दिया गया है, जिसे गुरुवार को विचार-विमर्श के लिए 14वीं नेशनल पीपुल्स कांग्रेस के चौथे सत्र में पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित