सहारनपुर , जून 02 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बकाया गन्ना मूल्य भुगतान में देरी पर नाराजगी जताते हुए चीनी मिलों को किसानों का बकाया शीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में किसान संगठनों, चीनी मिल अधिकारियों, उप गन्ना आयुक्त और जिला गन्ना अधिकारी के साथ आयोजित बैठक में बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने चीनी मिल टोडरपुर के शेयरधारक राणा ग्रुप को पेराई सत्र 2024-25 का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं करने पर कड़ी फटकार लगाई और तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा चीनी मिल गागलहेड़ी, बिडवी और गांगनौली के यूनिट हेड को पेराई सत्र 2025-26 का बकाया गन्ना मूल्य शीघ्र अदा करने को कहा।

बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार चीनी मिल टोडरपुर पर पेराई सत्र 2024-25 का 20 करोड़ रुपये बकाया है। वहीं पेराई सत्र 2025-26 के तहत चीनी मिल गागलहेड़ी पर 14.75 करोड़ रुपये, बिडवी पर 21.58 करोड़ रुपये तथा गांगनौली पर 124.16 करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य बकाया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और गन्ना मूल्य भुगतान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित चीनी मिल प्रबंधन को भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में उप गन्ना आयुक्त ओमप्रकाश सिंह, जिला गन्ना अधिकारी शैलेश कुमार मौर्य, चीनी मिल गागलहेड़ी, बिडवी एवं गांगनौली के यूनिट हेड, चीनी मिल टोडरपुर के शेयरधारक राणा ग्रुप के प्रतिनिधि, किसान संगठनों के प्रतिनिधि तथा किसान उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित