नयी दिल्ली , सितंबर 16 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चीनी का औसत भाव गिर गया। चावल और गेहूं के दाम बढ़ गये जबकि दालों तथा खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 25 रुपये घटकर 5,412 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। वहीं, गुड़ की आवक कम रहने से यह 11 रुपये चढ़कर 5,976 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 32 पैसे घटकर 58.93 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 18 रुपये बढ़कर 4,172 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 20 रुपये की मजबूती के साथ 2,860 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बोला गया। आटे की कीमत में 14 रुपये की तेजी देखी गयी।
दाल-दलहनों में मूंग दाल की औसत कीमत 10 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। उड़द दाल और चना दाल सात-सात रुपये महंगी हुई। तुअर दाल में नौ रुपये की मंदी रही जबकि मसूर दाल की कीमत पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर ही रही।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज मलेशिया दिवस के मौके पर अवकाश रहा। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.43 प्रतिशत बढ़कर 70.65 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित