अमृतसर , अगस्त 23 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता और अमृतसर दक्षिणी से विधायक डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर ने चीनी की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि केंद्र की गलत नीतियों और गन्ने को एथेनॉल उत्पादन की ओर अधिक मोड़ने के कारण चीनी की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिसका सीधा बोझ आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है।

डॉ. निज्जर ने रविवार को कहा कि महज 18 दिनों के भीतर चीनी की कीमत 45 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो से अधिक हो गई है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि इसी तरह पिछले एक महीने में प्याज के दाम भी 30 रुपये से बढ़कर करीब 60 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों में इतनी तेज वृद्धि केंद्र सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण की नीति विदेशी मुद्रा बचाने और कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने के उद्देश्य से लागू की थी। हालांकि, सरकार की जिम्मेदारी है कि इस नीति के प्रभावों का संतुलित आकलन भी करे।

उन्होंने कहा कि यदि बड़ी मात्रा में गन्ने को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़ा जाता है तो चीनी के उत्पादन और बाजार में इसकी उपलब्धता पर दबाव पड़ना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने से वाहनों पर पड़ने वाले संभावित प्रतिकूल प्रभाव अलग विषय हैं, जिन पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।

आप विधायक ने केंद्र सरकार से मांग की कि चीनी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को तत्काल नियंत्रित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं तथा आम लोगों को राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि एथेनॉल नीति और आम उपभोक्ताओं के लिए आवश्यक खाद्य वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता के बीच संतुलन कायम करना जरूरी है।

डॉ. निज्जर ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने देशवासियों को 'अच्छे दिनों' का सपना दिखाकर उन्हें 'बुरे दिनों' में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण आम लोगों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है और इसका सबसे अधिक असर गरीब तथा मध्यम वर्गीय परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से लोगों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए महंगाई पर नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभावी फैसले लेने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित