महासमुंद , सितम्बर 04 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद में चीनी की बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार के खिलाफ 'चीनी सत्याग्रह' कर प्रदर्शन किया और चीनी का अधिकतम खुदरा मूल्य 40 रुपए प्रति किलो निर्धारित करने की मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ता नेहरू चौक स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा के पास एकत्र हुए और हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग भी उठाई।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि शक्कर की कीमत करीब 40 रुपए प्रति किलो से बढ़कर 70 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई है।

विधायक यादव ने चीनी की बढ़ती कीमतों के लिए केंद्र सरकार की नीतियों और एथेनॉल नीति को जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार से शक्कर का अधिकतम खुदरा मूल्य 40 रुपए प्रति किलो तय करने और बढ़ती महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित