देहरादून , अगस्त 22 -- केंद्र सरकार की एथेनॉल नीति के कारण मिलावट वाला पेट्रोल और आसमान छूती चीनी की कीमतों के खिलाफ शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एआईसीसी सदस्य व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में देहरादून के ईस्ट कैनाल रोड स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने "वाह रे मोदी तेरा खेल, खा गया चीनी पी गया तेल" के नारे लगाते हुए काफी देर तक पेट्रोल पंप के सामने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए श्री धस्माना ने कहा कि केंद्र सरकार के संरक्षण में बनी एथेनॉल नीति के कारण जनता को एथेनॉल मिला हुआ पेट्रोल अपनी गाड़ियों में भरवाना पड़ रहा है, जिसके कारण दो पहिया, तीन पहिया व चार पहिया पेट्रोल वाहनों के इंजन खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्योंकि एथेनॉल गन्ने से बनता है और इसके कारण गन्ने की कमी शुगर फैक्ट्रियों में हो गई है। जिससे चीनी का उत्पादन घट गया है और देश में चीनी पिछले एक पखवाड़े में 20 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो गई है।
श्री धस्माना ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से देश भर में महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन जिस प्रकार से केंद्र सरकार की एथेनॉल नीति से पेट्रोल उपभोक्ता और चीनी का उपयोग करने वाला हर व्यक्ति आज त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहा है, वह अत्यंत चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पहले हर नागरिक की थाली से भोजन छीन लिया और अब तो गरीब की प्याली से चाय की मिठास भी छीन ली है। उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस पार्टी राज्य में शीघ्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में मिलावटी पेट्रोल और महंगी चीनी के खिलाफ प्रदेश व्यापी आंदोलन शुरू करेगी और प्रदेश के हर जनपद, हर शहर, हर ब्लॉक और न्याय पंचायत स्तर पर प्रदर्शन व धरने आयोजित करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित