नयी दिल्ली , सितंबर 09 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चीनी का औसत भाव टूट गया। चीनी के साथ चावल में भी नरमी रही। वहीं, गेहूं की कीमत गत दिवस के स्तर पर पड़ी रही जबकि खाद्य तेलों और दालों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया।

मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 25 रुपये घटकर 5,541 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। वहीं, गुड़ सात रुपये महंगा होकर 5,976 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 22 पैसे घटकर 60.31 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी।

औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत तीन रुपये टूटकर 4,143 रुपये प्रति क्विंटल पर रही। गेहूं 2,859 रुपये प्रति क्विंटल के गत दिवस के स्तर पर लगभग स्थिर रहा। आटे में भी टिकाव देखा गया।

दाल-दलहनों में मिश्रित रुख रहा। उड़द दाल की औसत कीमत 11 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। तुअर दाल 13 रुपये महंगी हुई। चना दाल और मूंग दाल के भाव तीन-तीन रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गये। मसूर दाल की औसत कीमत पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर ही स्थिर रही।

मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में नवंबर का पाम ऑयल वायदा नौ रिंगिट गिरकर 4,967 रिंगिट प्रति टन रह गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.21 प्रतिशत फिसलकर 70.55 सेंट प्रति पौंड बोला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित