नयी दिल्ली , सितंबर 15 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को चीनी का औसत भाव टूट गया। चीनी के साथ गेहूं में भी नरमी रही। चावल के दाम बढ़ गए जबकि दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।

मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 35 रुपये घटकर 5,437 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गुड़ भी 52 रुपये सस्ता होकर 5,965 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 32 पैसे घटकर 59.25 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी।

औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 73 रुपये बढ़कर 4,154 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं सात रुपये गिरकर 2,839 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बोला गया। आटे की कीमत में आठ रुपये की गिरावट देखी गई।

दाल-दलहनों में उड़द दाल की औसत कीमत 15 रुपये और तुअर दाल की आठ रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। वहीं, मसूर दाल 17 रुपये और चना दाल आठ रुपये सस्ती हुई। मूंग दाल का भाव कमोबेश स्थिर रहा।

मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में नवंबर का पाम ऑयल वायदा 33 रिंगिट चढ़कर 4,883 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा 0.07 प्रतिशत बढ़कर 70.24 सेंट प्रति पौंड बोला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित