बारां , अगस्त 24 -- मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से निकलकर राजस्थान के बारां जिले के शाहाबाद क्षेत्र में पहुंचे चीता 'वीरा' की गतिविधियों को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों में ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है।
शनिवार को शाहाबाद रेंज की सीमा में प्रवेश करने के बाद रविवार देर शाम को भी चीते की मौजूदगी राजपुर वन नाका क्षेत्र में दर्ज की गयी।
वन क्षेत्र के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि चीता 'वीरा' सोमवार को कोटरा गढ़ माताजी से सटे जंगल और आसपास के खेतों में देखा गया। बैहठा गांव के समीप जंगल एवं खेतों में भी उसकी मौजूदगी की जानकारी सामने आयी है। चीते की लगातार मौजूदगी के बाद वन विभाग के दल क्षेत्र में निगरानी बनाये हुए हैं।
उधर, चीते के खेतों और आबादी के आसपास पहुंचने से ग्रामीणों में भी सतर्कता बढ़ गयी है। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों से जंगल और खेतों की ओर अकेले नहीं जाने और चीते की मौजूदगी की स्थिति में सुरक्षित दूरी बनाए रखने का आग्रह किया जा रहा है। अधिकारियों के दल चीते की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उस पर नजर बनाये हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित