भरतपुर , जून 05 -- राजस्थान में मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से निकलकर करौली, धौलपुर एवं भरतपुर के वन क्षेत्र में विचरण करते हुए चीता केपी-3 ने शुक्रवार को करौली जिले के मासलपुर क्षेत्र में नवलापुरा गांव के पास पांच भेड़ों का शिकार करके ग्रामीणों में हड़कंप मचा दिया है।
इस घटना के बाद वन विभाग ने आनन-फानन में आसपास के गांवों में सलाह जारी करके ग्रामीणों से सतर्क रहने, अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने, बच्चों और पशुओं को खुले में नहीं छोड़ने और चीते के करीब नहीं जाने का अनुरोध किया है।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि चीता राष्ट्रीय परियोजना का हिस्सा होने के कारण फिलहाल उसे ट्रेंकुलाइज करने की अनुमति नहीं है। भेड़ों के शिकार की सूचना मिलने के बाद से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए कूनो राष्ट्रीय उद्यान के तीन विशेषज्ञों और बंध बारैठा रेंज के तीन वनकर्मियों का एक दल रेडियो कॉलर की मदद से चीते की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित