भरतपुर, 08 (वार्ता) मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान से निकलकर राजस्थान में भरतपुर के बंध बारेठा वन्य जीव क्षेत्र में पहुंचे चीता केपी- 3 के बारबार क्षेत्र बदलने की प्रवृत्ति को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को एहतियात बरतने और अपने मवेशियों को खुले में न बांधने की सलाह दी है।
वन विभाग के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से इस क्षेत्र को अपना ठिकाना बनाने वाला यह चीता हर दिन स्थान बदलकर नए क्षेत्र में देखा जा रहा है। सिकंदरा एवं नहरौली में देखे जाने के बाद अब वह खेरी घटिया क्षेत्र में विचरण करता हुआ नजर आया है।
चीते की हर गतिविधि पर हालांकि कूनो राष्ट्रीय उद्यान का विशेष दल के साथ-साथ बंध बारेठा रेंज का पूरा दल पूरी तरह मुस्तैद रहते हुए उसके गले में लगी जीपीएस कॉलर आईडी की मदद से उसके सटीक ठिकाने पर पल-पल की निगरानी कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित