लखनऊ , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने राज्य में संगठन विस्तार की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को लखनऊ में होगी, जिसकी अध्यक्षता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान करेंगे।

बैठक का समन्वय पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं जमुई से सांसद अरुण भारती करेंगे। इसमें प्रदेश संगठन को मजबूत बनाने, आगामी चुनावी रणनीति तथा विभिन्न संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

पार्टी के प्रवक्ता धर्मेंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि बैठक में करीब 10 प्रमुख एजेंडों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी दलितों तथा अन्य वंचित और शोषित वर्गों के हितों के लिए समर्पित भाव से कार्य करती रहेगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेशभर में दलित, पिछड़ा और ब्राह्मण समाज को केंद्र में रखकर विभिन्न सम्मेलन आयोजित करने की रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है। इन कार्यक्रमों के जरिए पार्टी उत्तर प्रदेश में अपना जनाधार मजबूत करने का प्रयास करेगी।

इस बीच, प्रदेश प्रभारी अरुण भारती ने मंगलवार को प्रयागराज जिले के हंडिया क्षेत्र के धनूपुर ग्राम सभा के बनपुरवा गांव पहुंचकर हाल में मारे गए दो भाइयों के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों का आरोप है कि पिछले 20 दिनों के दौरान सुशील कुमार गौतम और संतोष कुमार गौतम की हत्या जबरन भूमि कब्जाने, लगातार धमकियों और उत्पीड़न की घटनाओं के क्रम में की गई।

परिवार ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में समाजवादी पार्टी से जुड़े असामाजिक तत्वों तथा हंडिया के विधायक की भूमिका रही है। मृतकों की मां ने यह भी आरोप लगाया कि वर्ष 1995 में उनके पति की भी हत्या कर दी गई थी। अरुण भारती ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की, आर्थिक सहायता प्रदान की और वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत के बाद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित