एमसीबी, फरवरी 02 -- त्तीसगढ के जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के चिरमिरी क्षेत्र में अवैध ईंट भट्ठों की समस्या पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 19 भट्ठों को निशाने पर लिया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद कलेक्टर के निर्देश पर 29 जनवरी से आज दोपहर तक जिला स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा व्यापक संयुक्त अभियान चलाया गया।

पूरी कार्रवाई के बारे में सोमवार को जिला पीआरओ ने बताया कि इस अभियान में राजस्व, खनिज, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने चिरमिरी क्षेत्र के इंदनागर, टिकरापारा और भण्डार देई क्षेत्रों का दौरा कर सभी संदिग्ध स्थलों का निरीक्षण किया। जांच में कुल 19 ईंट भट्टे अवैध पाए गए। इन सभी भट्ठों पर तत्काल कार्रवाई की गई और उनका संचालन रोक दिया गया।

प्रशासन के अनुसार, संबंधित ईंट भट्ठा संचालकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इससे जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने और पर्यावरण को हो रहे नुकसान को रोकने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पर्यावरण की सुरक्षा, राजस्व के हितों की रक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह के सघन अभियान जारी रहेंगे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध कार्यों में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई से क्षेत्र में प्रशासन की गंभीरता का संदेश गया है और आमजन से भी नियमों का पालन करने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित