सहारनपुर , अप्रैल 11 -- सहारनपुर मंडल के गन्ना उपायुक्त ओमप्रकाश सिंह की पुत्री चित्रा सिंह ने मिस यूनिवर्स उत्तर प्रदेश प्रतियोगिता में "मिस पीपुल्स च्वाइस" का खिताब जीता है। श्री सिंह ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि 23 वर्षीय चित्रा सिंह एमबीए की छात्रा हैं और प्रतियोगिता में जनता की पहली पसंद बनकर यह सम्मान हासिल किया। उन्होंने बताया कि चित्रा सिंह बचपन से ही प्रतिभाशाली, जागरूक तथा संगीत, गायन और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। विभिन्न कार्यक्रमों में वह लगातार सराहना प्राप्त करती रही हैं।
प्रतियोगिता में लगभग एक हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें चित्रा सिंह शीर्ष 10 प्रतियोगियों में चयनित हुईं। अंतिम चरण में जनसमर्थन के आधार पर उन्हें "मिस पीपुल्स च्वाइस" का खिताब प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि चित्रा सिंह की स्कूली शिक्षा लखनऊ के डीपीएस से हुई। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से प्रथम श्रेणी में स्नातक किया। वर्तमान में वह देहरादून से एमबीए की पढ़ाई कर रही हैं।
यह प्रतिष्ठित खिताब मिलने पर चित्रा सिंह को विभिन्न वर्गों से बधाइयां मिल रही हैं। साथ ही उनके पिता ओमप्रकाश सिंह को भी शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित