चित्रकूट , जुलाई 8 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चित्रकूट को शीघ्र ही दिल्ली और लखनऊ से सीधी हवाई सेवा से जोड़ दिया जाएगा। नए एयरक्राफ्ट उपलब्ध होते ही यहां से नियमित विमान सेवा शुरू होगी, जिससे पर्यटन, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री बुधवार को चित्रकूट में 951 करोड़ रुपये की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले चित्रकूट भय, अव्यवस्था और पहचान के संकट से जूझ रहा था, लेकिन डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आज यह जनपद आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और भौतिक विकास का नया केंद्र बन रहा है।

उन्होंने कहा कि चित्रकूट भारत की पौराणिक और आध्यात्मिक विरासत का महान प्रतीक है। भगवान श्रीराम के वनवास काल में यह धरा उनका सबसे बड़ा संबल बनी थी। आज उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए यहां डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का तेजी से विकास किया जा रहा है और जल्द ही एक बड़ी औद्योगिक इकाई निवेश करने जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट में देश का पहला पहाड़ी चोटी पर स्थित आधुनिक एयरपोर्ट बनकर तैयार है। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए अंतरराष्ट्रीय समझौतों के तहत उत्तर प्रदेश में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइलों का निर्यात भी किया जाएगा, जो भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा देकर शिक्षा और विकास को नई दिशा दी गई है। चित्रकूट भविष्य में शास्त्र और शस्त्र दोनों के अनुसंधान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि ये दल राजनीतिक स्वार्थ के लिए अयोध्या और चित्रकूट को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें जनता के धन का उपयोग कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवॉल और वक्फ संपत्तियों पर करती थीं, जबकि वर्तमान सरकार महर्षि वाल्मीकि के लालापुर आश्रम, संत तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर, मंदाकिनी तट और कामदगिरि परिक्रमा मार्ग के विकास पर निवेश कर रही है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शासनकाल में कब्जाई गई 64 हजार एकड़ सरकारी एवं गरीबों की भूमि को मुक्त कराया गया है, जहां अब विश्वविद्यालय, अस्पताल और औद्योगिक परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है। अब तक 9.5 लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। गरीबों को मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, बिजली कनेक्शन, रसोई गैस और आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि चित्रकूट में आध्यात्मिक पर्यटन के साथ-साथ रानीपुर टाइगर रिजर्व के माध्यम से इको-टूरिज्म को भी विकसित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर में चढ़ावे की गणना में करीब 150 लोग शामिल थे। एसआईटी जांच में छह लोग चोरी और दो अन्य साजिश में शामिल पाए गए हैं, जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की हरकतों के आधार पर पूरे ट्रस्ट, अयोध्या या प्रभु श्रीराम की विरासत को बदनाम करना उचित नहीं है।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, डॉ. बाबूलाल तिवारी, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल, भैरव प्रसाद मिश्रा, रमेश चंद्र द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित