चित्रकूट , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कुल 33,667 खाताधारक कृषकों को 526.68 करोड़ रुपये की कृषि ऋण सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे किसानों को कृषि निवेश, आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग तथा कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिये आवश्यक वित्तीय सहयोग प्राप्त हुआ। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने अवगत कराया कि राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) के समन्वय से चित्रकूट में कृषकों को आर्थिक रूप से सशक्त एवं समृद्ध बनाने तथा कृषि एवं उससे संबद्ध गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषक हितैषी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-2025 में 505.35 करोड़ रूपये कृषि ऋण सहायता उपलब्ध कराई गई थी। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जनपद में कुल 33,667 खाताधारक कृषकों को 526.68 करोड़ रुपये की कृषि ऋण सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे किसानों को कृषि निवेश, आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग तथा कृषि उत्पादन में वृद्धि हेतु आवश्यक वित्तीय सहयोग प्राप्त हुआ।

जिलाधिकारी ने बताया कि विकास खण्डवार कृषि ऋण वितरण का प्रतिशत निम्नानुसार रहा जिसमें कर्वी 37.1 प्रतिशत, पहाड़ी 30.4 प्रतिशत, मऊ 23.9 प्रतिशत, रामनगर 10.1 प्रतिशत, मानिकपुर 16.9 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र कृषकों को संस्थागत ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाया जा रहा है। साथ ही कृषकों को विभिन्न कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं से अधिकाधिक लाभान्वित किए जाने हेतु संबंधित विभागों एवं बैंकिंग संस्थाओं को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित