चित्रकूट , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2023 एवं 2025 बैच के प्रशिक्षु अधिकारियों ने मंगलवार को अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम के तहत चित्रकूट जिले के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर जिले के विकास मॉडल, सुशासन व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का अध्ययन किया।

प्रशिक्षु अधिकारियों ने सर्वप्रथम भगवान कामतानाथ जी की परिक्रमा की। इसके बाद उन्होंने दीनदयाल शोध संस्थान का शैक्षणिक भ्रमण कर ग्राम स्वावलंबन, समग्र ग्रामीण विकास तथा विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के मॉडल का अवलोकन किया। अधिकारियों ने राम दर्शन परिसर का भी भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ संवाद कर जनपद की भौगोलिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी और उनके विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना के अंतर्गत स्थानीय उत्पादों तथा उनके प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी साझा की।

जिलाधिकारी ने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कृषि आधारित समृद्धि, सुशासन तथा जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के संबंध में प्रशासनिक दृष्टिकोण और अपने व्यवहारिक अनुभव प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ साझा किए।

प्रशिक्षु अधिकारियों ने अध्ययन भ्रमण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि चित्रकूट में उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली, ग्रामीण विकास मॉडल और सुशासन से जुड़े अनेक व्यावहारिक अनुभव एवं महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित