चित्रकूट , सितंबर 29 -- उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में दस्यु बबुली कोल गिरोह के साथ मुठभेड़ के दौरान पुलिस इंस्पेक्टर पर फायर करके जानलेवा हमला करने के मामले में जेल में बंद बदमाश रज्जन पटेल ने न्यायालय के समक्ष जुर्म इकबाल कर लिया। जिसके बाद विशेष न्यायाधीश राममणि पाठक ने उसे सात वर्ष के कारावास की सजा के साथ अर्थदण्ड से दण्डित किया है। अपर जिला शासकीय अधिवक्ता गोपालदास ने बताया कि बीती 21 अक्टूबर 2017 को मारकुण्डी थाने के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शुक्ला को मुखबिर द्वारा सूचना दी गई थी कि दस्यु बबुली कोल गिरोह का हार्ड कोर सदस्य लवलेश कोल अपने साथियों और ललित पटेल गैंग का सदस्य रज्जन पटेल साथियों के साथ माडो पहाड़ में मौजूद है। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डकैतों को घेर लिया। इसके बाद आत्मसमर्पण के लिए कहा, मगर बदमाशों ने फायरिंग शुरु कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। लगभग आधा घंटे बाद डकैत चिल्लाए कि एक साथी को गोली लग गई और जंगल की ओर भाग निकले। इस दौरान पुलिस ने मुठभेड़ स्थल की घेरेबंदी शुरू की। जिस पर एक डकैत घायल अवस्था में झाड़ियों में पड़ा हुआ था और पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस को नजदीक आता देख डकैत ने तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पर फायर कर दिया। जो उनकी कमर से सटकर निकल गया। इस दौरान कमर में लगा हैण्डसेट गोली लगने से बिखर गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घायल डकैत को दबोच लिया। जिसके पास से रायफल और कारतूस भी बरामद हुई। पकड़े गए डकैत ने बताया कि वह बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के छीतुपुुर मजरा ददरीमाफी का निवासी रज्जन पटेल है। खून से लथपथ घायल डकैत को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था। लगभग आठ साल से जेल में बंद रहने के बाद आरोपी रज्जन पटेल ने जुर्म इकबाल कर लिया। बचाव और अभियोजन पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश राममणि पाठक ने मंगलवार को इस मामले में निर्णय सुनाया। जिसमें आरोपी रज्जन पटेल को सात साल कैद की साथ अर्थदण्ड से दण्डित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित