चित्तौड़गढ़ , सितंबर 26 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के बेंगू थाना क्षेत्र में नारकोटिक्स ब्यूरो ने एक बाड़े से एक टन से अधिक और पुलिस ने तीन क्विंटल से अधिक अवैध डोडाचूरा बरामद करके दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
नारकोटिक्स विभाग के आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि बेंगू क्षेत्र के अमरपुरा गांव स्थित एक किसान के बाड़े में भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा भंडारण होने की सूचना पर छापा मारा गया जहां से 56 कट्टों में भरा कुल 1037 किलो 200 ग्राम डोडा चूरा बरामद किया।
इसके साथ ही बाड़े से एक पिस्तौल मय कारतूस, फार्च्यूनर कार, अलग-अलग वाहन नंबर प्लेट भी बरामद की गयी। मौके पर मौजूद लोग भाग निकले, लेकिन बाड़ा मालिक को नामजद करके उसकी तलाश की जा रही है।
उधर बेंगू थाना क्षेत्र में पुलिस ने राजगढ़ गांव के समीप नाकेबंदी के दौरान एक बोलेरो से तीन क्विंटल 470 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया। मौके से मोहम्मद समद और राहुल भाट को गिरफ्तार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित