चित्तौड़गढ़ , अगस्त 14 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ में शुक्रवार को सांसद चंद्रप्रकाश जोशी एवं विधायक चंद्रभान सिंह ने एक साथ उपस्थित रहकर बड़ी संख्या में एकत्र हुए युवाओं से संवाद करके उन्हें देशहित के लिए तत्पर रहने का आव्हान किया।
कार्यक्रम में श्री जोशी ने उपस्थित युवाओं से कहा कि वर्तमान में युवा केवल देश का भविष्य नही, वरन् वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए नये कानून एवं सख्त प्रावधान किये हैं।
श्री सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार एवं राज्य की भजनलाल सरकार भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने पर जोर दे रही है ताकि योग्य युवाओं को उनकी मेहनत का उचित अवसर मिले।
संवाद कार्यक्रम के पश्चात तिरंगा रैली निकाली गयी। रैली में बड़ी संख्या में लोगों द्वारा तिरंगा लहराते हुए चलता देख माहौल देश भक्तिमय बन रहा था। समूचा मार्ग भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गुंजायमान हो रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित