चित्तौड़गढ़ , अक्टूबर 05 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले के पारसोली थाना क्षेत्र में एक इनामी बदमाशी को पकड़ने गये पुलिस दल पर बदमाशों ने हमला कर दिया, जिससे तीन सिपाही घायल हो गए जबकि बदमाश मौके से फरार हो गया। पुलिस दल ने प्राथमिकी दर्ज कराई कि चोरी, लूट, जानलेवा हमले का इनामी आरोपी दिलीप कंजर के क्षेत्र में होने की सूचना पर काटूंदा मोड़ के समीप नीयत स्थान पर पुलिस दल पहुंचा जहां चार पांच बदमाश थे। उन्होंने लोहे के सरियों एवं पत्थर से पुलिस पर हमला कर दिया। इससे आरोपी दिलीप सहित अन्य बदमाश फरार हो गये।
पुलिस ने बताया कि बाद में जिनमें से एक वीरम कंजर को पकड़ लिया गया। हमले में सिपाही राकेश, पदमकुमार और बालकिशन घायल हो गये, जिनको बेगूं अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। फरार आरोपी दिलीप कंजर के विरुद्ध विभिन्न थानों में दो करीब 25 मामले दर्ज हैं। उस पर हरियाणा पुलिस ने 15 हजार एवं भीलवाड़ा पुलिस ने 10 हजार का ईनाम घोषित कर रखा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित