चित्तौड़गढ़ , अक्टूबर 21 -- राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में भक्ति काव्य की प्रणेता मीराबाई की स्मृति में तीन दिवसीय मीरा महोत्सव का आयोजन आगामी 23 अक्टूबर से होगा।

मीरा स्मृति संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष अर्जुन मूंदड़ा, सचिव राकेश मंत्री और कार्यक्रम संयोजक अनंत समदाणी ने बुधवार को बताया कि बजट के अभाव में इस बार 23 अक्टूबर से तीनों दिन आयोजित होने वाले गुजराती गरबा, कत्थक, डांडिया राधा कृष्ण होली एवं भजन जैसे कार्यक्रम स्थानीय दक्ष कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किये जाएंगे जबकि अंतिम दिन 25 अक्टूबर को दिल्ली की भजन गायिका विधि शर्मा अपनी प्रस्तुति दुर्ग स्थित मीरा मंदिर में देंगी।

आयोजकों ने बताया कि अंतिम दिन उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी मुख्य अतिथि होंगी जिन्होंने कार्यक्रम में आने की स्वीकृति दे दी है।

उल्लेखनीय है कि 35 वर्षों से लगातार प्रतिवर्ष मीरा स्मृति संस्थान कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। इसमें बीते वर्षों में अनुराधा पौडवाल, वाणी जयराम एवं अनूप जलोटा सहित कई नामवर कलाकार अपनी गरिमामय प्रस्तुतियां दे चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित