चित्तौड़गढ़ , जुलाई 31 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बजरी माफिया के बीच होने वाले बड़े टकराव को टालते हुए मुठभेड़ के बाद एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंन्द्र सिंह ने शुक्रवार को बताया कि जिला विशेष दल की सूचना पर पुलिस दल ने गिलुंड शम्भुपुरा मार्ग पर आज तड़के चार बजे नाकाबंदी के दौरान मोटर साइकिल पर आ रहे प्रभुसिंह को रोकने का प्रयास किया तो वह विशेष दल पर गोलियां चलाकर भागा। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में एक गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद दल ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि प्रभुसिंह कुख्यात बदमाश है। जिसके विरुद्ध मारपीट, हत्या का प्रयास, डकैती, शस्त्र अधिनियम, हत्या एवं चोरी आदि के कुल 18 मामले दर्ज हैं। यह बदमाश गत वर्ष बजरी माफिया के गिरोहों के परस्पर संघर्ष में मारे गए अजयराज सिंह गिरोह का सदस्य है और इसने अजयराज की हत्या के आरोपी ईश्वर सिंह एवं भैरू झोपडा गिरोह के लोगों को कुछ दिन पहले जान से मारने की धमकी दी थी। अब वह उनको जान से मारने की फिराक में था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित