चित्तौड़गढ़ , सितम्बर 16 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ नगर परिषद सभापति पद पर बहुमत प्राप्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सभापति पद के लिए भारी विरोध को दरकिनार करते हुए अनिल ईनाणी को अपना प्रत्याशी बनाया है।

भाजपा में चली खींचतान के मद्देनजर कांग्रेस ने भी बाहूबली नगेंद्र सिंह राठौड़ का सभापति के लिए नामांकन भर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड 25 से सर्वाधिक मतों से विजयी रहे शेलेंद्र झंवर के साथ वार्ड 31 से जीते मार्बल उद्योगपति सुदर्शन रामपुरिया भी सभापति पद के दावेदार हो गये।

पार्टी नेताओं ने विरोध थामने के लिए तीनों के ही सभापति पद के लिए सुबह नामांकन प्रस्तुत करवा दिये, लेकिन दोपहर बाद चुनाव प्रभारी धर्मनारायण जोशी ने चुनाव अधिकारी के समक्ष ईनाणी को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी बनाये जाने का पत्र निर्वाचन अधिकारी राजलक्ष्मी गहलोत को सौंप दिया।

इस बीच भाजपा की आपसी लड़ाई को ध्यान में रख 23 वार्ड जीतने वाली कांग्रेस ने भी अपनी ओर से वार्ड 36 से जीते नगेंद्र सिंह राठौड़ को अपना सभापति प्रत्याशी बना नामांकन प्रस्तुत कर दिया है। साठ सदस्यीय परिषद में भाजपा के 33, कांग्रेस के 23 एवं चार निर्दलीय जीते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित