चित्तौड़गढ़ , अप्रैल 17 -- राजस्थान में विश्वविख्यात चित्तौड़गढ़ दुर्ग स्थित एक जैन मंदिर में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की कीमती प्रतिमाएं, आभूषण एवं नकदी चुरा ली ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्ग के सूरजपोल से आगे स्थित जैन मंदिर के व्यवस्थापक संजय जैन साफ सफाई एवं पूजा के लिए हमेशा की तरह आज सुबह पांच बजे मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार पर लगे सात ताले टूटे हुए मिले जबकि वहां मौजूद पुरातत्व विभाग के दो चौकीदार सो रहे थे। उन्हें जगाकर अंदर देखा तो पूरा मंदिर अस्त व्यस्त था और वहां रखी अष्टधातु की महावीर स्वामी और शांतिनाथ की प्रतिमाएं, उन पर चढा़ए हुए छत्र आदि आभूषण के साथ तिजोरी में रखी नकदी और इंडक्शन चूल्हा नदारद थे।

सूत्रों ने बताया कि इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई जिस पर पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरितासिंह, वृत्ताधिकारी बृजेशसिंह एवं थानाधिकारी कोतवाली तुलसीराम पहुंचे और मौके पर जाकर देखा। संजय जैन ने बताया कि प्रतिमाओं के अलावा जो आभूषण थे वे करीब नौ किलो चांदी के थे जबकि तिजोरी में करीब एक लाख रुपये की नकदी थी।

घटना का पता लगते ही मौके पर बड़ी संख्या में दुर्ग वासियों के अलावा शहर से जैन समाज के लोग पहुंच गये और पुरातत्व विभाग के प्रति रोष जताया। लोगों ने पुलिस से अतिशीघ्र घटना का खुलासा करने की मांग की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित