चित्तौड़गढ़ , जून 19 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को पांच हजार से अधिक स्थानों पर योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

उपनिदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. तरुण कुमार प्रमाणिक ने शुक्रवार को बताया कि योग दिवस के अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, विद्यालयों, पंचायत एवं उपखंड मुख्यालयों सहित विभिन्न राजकीय संस्थानों में योग कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रमों में स्वयंसेवी संस्थाओं, गैर-सरकारी संगठनों, पतंजलि योग समिति, आर्ट ऑफ लिविंग सहित विभिन्न योग संस्थाओं की सहभागिता रहेगी।

उन्होंने बताया कि योग संगम पोर्टल पर जिले में अब तक चार हजार तीन सौ से अधिक योग स्थलों का पंजीकरण हो चुका है और यह संख्या पांच हजार से अधिक होने की संभावना है। जिले भर में करीब ढाई लाख लोगों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

रविवार को जिले के सभी स्थानों पर योग कार्यक्रम सुबह छह बजे से आठ बजे तक निर्धारित सामान्य योग मानक नियमों के तहत आयोजित किये जायेंगे। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम इंदिरा गांधी स्टेडियम, चित्तौड़गढ़ में आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के योग संदेश एवं उद्बोधन का जीवंत प्रसारण भी किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित