चित्तौड़गढ़ , फरवरी 15 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले में नारकोटिक्स विभाग ने दो अफीम किसानों के बाड़ों से भारी मात्रा में अफीम एवं डोडा चूरा जब्त किया हैनारकोटिक्स विभाग के उपायुक्त नरेश चंदेल ने रविवार को बताया कि शनिवार रात विभाग के दल ने गंगरार क्षेत्र स्थित गांव मानसिंहजी का खेड़ा में एक किसान के बाड़े पर छापा मारा तो अंदर उक्त किसान ने डोडाचूरा से भरी स्कार्पियो नष्ट करने के लिए वहां बंधी भैंसों की चिंता नहीं करते हुए आग लगाकर भागने का प्रयास किया। इस पर दल ने उसे पकड़ लिया और जवानों ने जोखिम उठाते हुए बाड़े में कूदकर बाड़े का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद स्कार्पियो और भैंसों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। स्कार्पियो में रखा कुल 323 किलो 630 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि शनिवार रात ही जिले के डूंगला क्षेत्र स्थित ग्राम झांझलवास में एक किसान के बाड़े से नौ किलो 570 ग्राम अवैध अफीम और 163 किलो 420 ग्राम डोडा चूरा बरामद करके किसान को भी गिरफ्तार कर लिया।
उधर बेंगू थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार को रात नाकेबंदी के दौरान एक कार की तलाशी में दस कट्टों में भरा 179 किलो 420 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया। कार में सवार भीलवाड़ा जिले के दो तस्करों रामधन गुर्जर एवं हरिओम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित