चित्तौड़गढ़ , जनवरी 13 -- राजस्थान सरकार के आगामी बजट में मेवाड़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ ने चित्तौड़गढ़ जिले को पर्यटन और औद्योगिक आदर्श जिले के रूप में विकसित किए जाने की मांग की है।
चेम्बर के अध्यक्ष सीए डा.अर्जुन मूंदड़ा एवं सचिव राकेश चंद्र मंत्री ने मंगलवार को बताया कि इस विषय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को जयपुर में ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, जल संसाधन, खनिज आधारित उद्योग एवं रोजगार सृजन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव शामिल करते हुए चित्तौड़गढ़ को विश्व धरोहर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने, गंभीरी एवं बेड़च नदियों के पुनर्जीवन, सीतामाता अभयारण्य के पारिस्थितिकी पर्यटन विकास, संगम महादेव को राज्य स्तरीय पर्यटन स्थल और रिठोला चौराहा (को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की मांग की गई है।
उन्होंने बताया कि साथ ही होटल व्यवसाय को उद्योग का दर्जा मिलने के बावजूद उद्योग विभाग द्वारा सुविधाएँ न मिलने पर उचित प्रावधान करने का आग्रह किया गया है। चेम्बर ने विश्वास जताया कि इन प्रस्तावों को लागू करने से चित्तौड़गढ़ राजस्थान के लिए विकास का आदर्श जिला बन सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित