बैतूल , अक्टूबर 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खनिज विभाग की टीम ने चिचोली क्षेत्र में करीब 19 टन कोयले से भरा ट्रक जब्त किया है। वाहन मालिक के खिलाफ 2 लाख 35 हजार रुपये का अर्थदंड प्रस्तावित किया गया है।
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर शुक्रवार को खनिज विभाग की टीम ने क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खनिज नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ट्रक क्रमांक एमपी 09 एचजी 0313 को जब्त कर लिया गया। जब्त वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से बैतूल के गंज थाने की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, वाहन मालिक के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रस्तावित अर्थदंड के साथ प्रकरण निर्णय के लिए अपर कलेक्टर बैतूल के न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए औचक निरीक्षण और विशेष अभियान जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित