बैतूल , सितंबर 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में चिचोली क्षेत्र में जर्जर स्कूल भवनों, बदहाल खेल मैदान, कन्या विद्यालय में सुविधाओं की कमी, बढ़ते नशे और अपराध सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर एनएसयूआई ने सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। संगठन ने प्रशासन से पांच सूत्रीय मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
एनएसयूआई चिचोली ब्लॉक अध्यक्ष अमन खान के नेतृत्व और पूर्व प्रदेश सचिव मनोज आर्य के मार्गदर्शन में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने तपश्री खेल मैदान के कायाकल्प सहित क्षेत्र की अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
पूर्व प्रदेश सचिव मनोज आर्य ने कहा कि चिचोली नगर और आसपास के क्षेत्रों में चोरी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं के साथ नशे का चलन बढ़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने तपश्री खेल मैदान की व्यवस्थाओं में सुधार कर खेल गतिविधियां दोबारा शुरू कराने की मांग भी रखी।
ब्लॉक अध्यक्ष अमन खान ने कहा कि चिचोली विकासखंड के कई प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के भवन जर्जर स्थिति में हैं। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने समय रहते भवनों की मरम्मत कराने की मांग की। चिचोली के कन्या विद्यालय में व्यवस्थित शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने तथा छात्राओं की सुरक्षा के लिए क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल का पुनर्निर्माण कराने की मांग भी की गई।
सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण आर्य ने नगर में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला रोग विशेषज्ञ और शिशु रोग विशेषज्ञ की पुन: नियुक्ति तथा तपश्री खेल मैदान की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग भी रखी।
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी सदस्य टोप पटेल, युवा कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष राहुल चंदेलकर, मनोज यादव, नवीन आर्य, गब्बू आर्य, गब्बर आर्य, राजा मदरेले, मोनू मदरेले, कमलेश धुर्वे, तौहीद खान सहित करीब एक सैकड़ा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित