बैतूल , जून 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली नगर में कथित रूप से मादक पदार्थों, अवैध शराब और अन्य अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद नेहा आर्य ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर जांच की मांग की।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर में कथित रूप से मादक पदार्थों और अवैध शराब का कारोबार संचालित हो रहा है तथा प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसी गतिविधियां बढ़ रही हैं। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि इन मामलों में प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के कारण अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।

शिकायत के अनुसार जिन स्थानों के आसपास कथित अवैध गतिविधियों का उल्लेख किया गया है, वहां शासकीय कन्या उत्कृष्ट छात्रावास, तहसील परिसर, शासकीय कन्या विद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, जनपद पंचायत परिसर, तपश्री खेल मैदान, तपश्री आश्रम तथा घनी आबादी वाले क्षेत्र स्थित हैं। शिकायतकर्ता ने विद्यार्थियों और युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका व्यक्त की है। साथ ही नगर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी रात के समय कथित अनैतिक गतिविधियां होने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों की निष्पक्ष जांच, मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने, अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन की निगरानी बढ़ाने की मांग की गई है।

इसके अलावा जय स्तंभ चौक पर संचालित मेले में देर रात तक कथित अनियमित गतिविधियां होने और युवकों द्वारा मोटरसाइकिल से स्टंट किए जाने का भी उल्लेख करते हुए मेले की अनुमति संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने तथा आवश्यकता होने पर उसके संचालन पर रोक लगाने की मांग की गई है। पार्षद ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित