बैतूल , अगस्त 30 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के चिचोली में खराब सड़कों के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अनोखा प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर बने गड्ढों में धान के रोपे लगाकर प्रशासन और नगर परिषद का ध्यान बदहाल सड़कों की ओर आकर्षित किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जल्द सड़कों की मरम्मत नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार चिचोली नगर के कई वार्डों में सड़कें लंबे समय से खराब हैं। बारिश के बाद स्थिति और खराब हो गई है। जगह-जगह बड़े गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के कामों के लिए भी खराब सड़कों से होकर गुजरना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई कई सड़कें बारिश शुरू होते ही उखड़ने लगी हैं। इससे सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि नगर का शायद ही कोई ऐसा वार्ड है, जहां सड़कें पूरी तरह दुरुस्त हों।
प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस नेताओं रूपेश आर्य और हर्ष भुसारी ने कहा कि सड़कों के गड्ढों में बारिश का पानी इस तरह भरा है कि यहां धान की खेती की जा सकती है। इसी व्यंग्यात्मक विरोध के तौर पर कार्यकर्ताओं ने गड्ढों में धान के रोपे लगाए।
यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सोनू धुर्वे ने कहा कि चिचोली के नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित सड़कें मिलना उनका अधिकार है। नगर परिषद और संबंधित विभाग के अधिकारियों को खराब सड़कों का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो यूथ कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में धर्मेंद्र भलावी, सोनू धुर्वे, रूपेश आर्य, हर्ष भुसारी, सैम आर्य, हनी सोनी, मोहित आर्य, अंकेश यादव, मिक्की आर्य, प्रशांत आर्य, मयूर आर्य, दीपक वाडिवा, प्रतिराम वरकड़े, गणेश धुर्वे और वंश राठौर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित