बैतूल , अक्टूबर 06 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के आदिवासी बहुल भीमपुर विकासखंड के चिखली गांव में बिना वैध अनुमति संचालित किए जा रहे अस्पताल और क्लीनिक के खिलाफ स्वास्थ्य, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार शाम कार्रवाई की। टीम ने हाईवे किनारे संचालित दो ठिकानों पर दबिश देकर अस्पताल और क्लीनिक सील कर दिए। एक स्थान पर आठ से 10 बिस्तरों की व्यवस्था के साथ पांच से सात मरीज भर्ती मिले। कार्रवाई के दौरान दवाइयां, इंजेक्शन और चिकित्सा सामग्री जब्त की गई।
भीमपुर के बीएमओ डॉ. पंकज उइके ने बताया कि टीम ने पहले गुर्जर मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई की। यहां संचालक अनूप कासदे के साथ सतीश चौधरी द्वारा क्लीनिक संचालित किया जा रहा था। टीम के पहुंचने पर सतीश चौधरी मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान चिकित्सा कार्य से संबंधित सामग्री मिली, जिसे जब्त कर लिया गया।
इसके बाद टीम ने लक्ष्मी मेडिकल स्टोर से जुड़े ठिकाने पर कार्रवाई की। मेडिकल स्टोर के साथ मकान की ऊपरी मंजिल पर अस्पताल संचालित किया जा रहा था। यहां जैमनी विश्वास और जयंत विश्वास द्वारा मरीजों के उपचार की व्यवस्था की गई थी। मौके पर आठ से 10 बिस्तर लगे मिले और पांच से सात मरीज भर्ती पाए गए।
संयुक्त टीम ने दोनों ठिकानों से इंजेक्शन, दवाइयां, डिस्पोजल सामग्री, चिकित्सा उपकरण सहित अन्य सामान जब्त किया। दोनों स्थानों को सील कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग अब संबंधित लोगों की शैक्षणिक योग्यता, चिकित्सा पंजीयन, अस्पताल संचालन की अनुमति तथा दवाइयों के विक्रय संबंधी लाइसेंस की जांच करेगा। विभाग के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की गई है। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधितों के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित