देहरादून , जनवरी 30 -- उत्तराखंड के राजकीय मेडिकल कॉलेज रूद्रपुर और पिथौरागढ के सुचारू संचालन के लिए जिला चिकित्सालय रूद्रपुर तथा पिथौरागढ के जिला चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय को चिकित्सा शिक्षा विभाग को सौंपने के आदेश शुक्रवार को मुख्यमंत्री के निर्देश पर जारी कर दिए गए।
सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा सचिन कुर्वे द्वारा इस संबंध में कार्यालय ज्ञापन जारी करते हुए पं. रामसुमेर शुक्ल, राजकीय मेडिकल कालेज, रूद्रपुर के संचालन को जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय, रूद्रपुर और राजकीय मेडिकल कालेज, पिथौरागढ के संचालन के लिए बी.डी.पाण्डेय जिला चिकित्सालय पिथौरागढ एवं महिला चिकित्सालय पिथौरागढ को राज्य के चिकित्सा शिक्षा विभाग को हस्तान्तरित किये जाने के आदेश जारी किए हैं। यह सभी चिकित्सालय अभी तक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड के नियंत्रणाधीन थे।
शासन द्वारा जारी आदेशानुसार हस्तांतरण के बाद इन चिकित्सालयों का प्रशासनिक एवं वित्तीय नियंत्रण संबंधित मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य/निदेशक के अधीन होगा। उक्त चिकित्सालय में एम.सी.आई. के मानकानुसार अवशेष वांछित उपकरणों एवं औषधियों की व्यवस्था चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित