पटना , सितंबर 09 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत के नेतृत्व में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में तेजी से सुधार हो रहा है और इसी क्रम में राज्य सरकार का राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पतालों में संविदा पर कार्यरत चिकित्सा शिक्षकों और चिकित्सकों के मानदेय में वृद्धि का निर्णय स्वागतयोग्य है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग ने संविदा पर कार्यरत प्राध्यापक, सह-प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, वरिष्ठ रेजिडेंट/ट्यूटर तथा कनिष्ठ रेजिडेंट के मानदेय में वृद्धि का निर्णय लिया है। चिकित्सा शिक्षक और रेजिडेंट चिकित्सक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मानदेय में वृद्धि से चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत विशेषज्ञों और चिकित्सकों का मनोबल बढ़ेगा तथा सरकारी चिकित्सा संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित