भीलवाड़ा , अक्टूबर 21 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में खाद्य पदार्थों में मिलावट और अवधिपार सामग्री की बिक्री के खिलाफ चिकित्सा विभाग की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
शहर के 100 फुट रोड पर करीब 1000 पैकेट अवधिपार कुरकुरे और नमकीन नष्ट करवाए गए, वहीं गुलाबपुरा में 400 लीटर अवधिपार खाद्य तेल और 30 किलोग्राम मिर्च पाउडर नष्ट कराया गया। विभाग ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच की प्रक्रिया भी शुरू की है।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग के दो दलों ने भीलवाड़ा शहर और गुलाबपुरा में कार्रवाई की।
भीलवाड़ा के 100 फुट रोड स्थित अरिहंत सेल्स एंड एंटरप्राइजेज पर जांच के दौरान करीब 1000 पैकेट अवधिपार कुरकुरे और बालाजी नमकीन मिले। दल ने इन्हें मौके पर ही नष्ट करवा दिया। वहीं, हरिहर एजेंसी से ताजमहल ब्रांड की चायपत्ती और गोपाल रतलामी नमकीन के नमूने लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर, अशोक कुमार यादव, विजय मेहता और संजय वर्मा मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग के दूसरे दल ने गुलाबपुरा के नायता किराणा स्टोर पर कार्रवाई करते हुए 400 लीटर अवधिपार खाद्य तेल और 30 किलोग्राम मिलावटी मिर्च पाउडर नष्ट करवाया। इसके अलावा हल्दी और कृष्णा डेयरी घी के नमूने भी लिए गए। इनकी गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित