भरतपुर , अप्रैल 06 -- राजस्थान में राजमेस के अधीन संचालित सात चिकित्सा महाविद्यालयों एवं नर्सिंग महाविद्यालयों में विभिन्न संवर्ग के स्वीकृत 1267 नियमित पदों को समाप्त करने के विरोध में भरतपुर में सोमवार को नर्सेज संघ ने विरोध प्रकट करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी गौरव कपूर को ज्ञापन सौंपा।

जिला संयोजक सत्यवीर सोगरवाल ने बताया कि राजमेस द्वारा श्रीजगन्नाथ पहाड़िया मेडिकल कॉलेज भरतपुर में नर्सिंग ऑफिसर के 91 पद समाप्त किए गए हैं। इन नियमित पदों को समाप्त करने से नर्सेज में भारी रोष व्याप्त है। इन पदों को समाप्त करने से संभाग के सबसे बड़े आरबीएम चिकित्सालय एवं जनाना अस्पताल में नर्सिंग कर्मियों की भारी कमी हो जाएगी जिससे मरीजों के इलाज पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि नर्सेज ने इन पदों पर कार्यरत कार्मिकों के लिए पुनः नए पद सृजित किए जाने की मांग की है ताकि कार्मिकों को यथास्थान पदस्थापित रखा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित