अजमेर , मार्च 03 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में सरकार को प्रतिबद्ध बताते हुए कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की भजनलाल सरकार मिलकर राजस्थान की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रभावी कार्य कर रही हैं।

श्री चौधरी शुक्रवार को अजमेर शहर के चंद्रवरदाई नगर स्थित जी.एन.एम. नर्सिंग स्कूल के भूमि पूजन एवं शिलान्यास समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्कूल की स्थापना स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो न केवल नर्सिंग शिक्षा को सुदृढ़ बनाएगी बल्कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में भी अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ किसी भी मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ होता है और इस संस्थान के माध्यम से युवाओं को सेवा और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे ये प्रयास "स्वस्थ भारत, सशक्त भारत" के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि सभी मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "स्वस्थ भारत, सशक्त भारत" के विजन को आगे बढ़ाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित