भरतपुर , जनवरी 31 -- राजस्थान में धौलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को एक चिकित्सक से महिला मरीज के परिजनों द्वारा मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाने के बाद शनिवार को चिकित्सकों में आक्रोश फैल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के घंटाघर रोड स्थित भारत अस्पताल में बबीता जाटव (27) की 20 जनवरी को डिलीवरी के बाद तबीयत बिगड़ने पर बुधवार को उसे परिजनों ने जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महिला की डिलीवरी के बाद तबीयत बिगड़ने और जयपुर में उसकी मौत होने से गुस्साये परिजनों ने शुक्रवार को भारत अस्पताल में चिकित्सक से मारपीट कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उधर इसका वीडियो वायरल हो गया, जिससे चिकित्सकों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित