अलवर , अप्रैल 14 -- राजस्थान के अलवर में एक चिकित्सक की गिरफ्तारी के विरोध में निजी अस्पतालोंके 24 घंटे के बंद के आव्हान के बाद मंगलवार को अलवर के निजी चिकित्सालयों में चिकित्सा सेवाएं ठप रही जिससे मरीजों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बंद के आह्वान के तहत सुबह आठ बजे से निजी अस्पतालों में मरीजों को न आउटडोर में सेवायें दी गयी न किसी गंभीर मरीजों को इलाज के लिये देखा गया। निजी अस्पतालों में 24 घंटेके बंद के बाद मरीजों को लेकर उनके परिजन परेशान नजर आये। सबसे ज्यादा परेशानी उन मरीजों को हुई जो इस बात से अनभिज्ञ थे कि निजी अस्पताल बंद हैं। उन्होंने सरकारी अस्पतालों का रुख किया जिससे सरकारी अस्पतालों में अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा भीड़ नजर आयी।
सरकारी चिकित्सक भी आउटडोर में व्यस्त नजर आये। आपात ड्यूटी के चिकित्सक आउटडोर का समय समाप्त हो जाने के बाद भी मरीजों को देखते रहे। इस बीच उन मरीजों को परिजन हरियाणा के निजी अस्पतालों में इलाज के लिये ले गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित