तिरुवनंतपुरम (केरल) , सितंबर 27 -- केरल के एक दिन के दौरे पर आये उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने यहां श्री उथराडोम थिरुनल (एसयूटी) एकेडमी ऑफ़ मेडिकल साइंसेज के 15वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए चिकित्सा विज्ञान में उत्कृष्टता के साथ मानवीय संवेदना को जोड़ने पर बल दिया।
समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उन्होंने केरल के स्वास्थ्य सुश्रुषा और आयुर्विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में एसयूटी एकेडमी ऑफ़ मेडिकल साइंसेज की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। उपराष्ट्रपति ने कहा, "किसी मेडिकल संस्थान की असली ताकत उसकी शिक्षा की गुणवत्ता, उसके द्वारा तैयार किए गए डॉक्टर, उसके द्वारा की गई रिसर्च और उसके द्वारा मरीजों की सेवा में निहित होती है।"स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाले डॉक्टरों से उप-राष्ट्रपति ने मन में ज्ञान, दिल में दया और व्यवहार में ईमानदारी बनाए रखने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि वे आत्मविश्वास के साथ-साथ विनम्र रहें, महत्वाकांक्षी होने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का पालन करें, तकनीकी रूप से उन्नत होने के साथ-साथ दयालु बने रहें और सफल होने के साथ-साथ समाज से जुड़े रहें। उन्होंने युवा डॉक्टरों से यह भी कहा कि वे "हमेशा नशीली दवाओं (ड्रग्स) से दूर रहें।"श्री राधाकृष्णन ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र की पढ़ायी के लिए आ रहे विद्यार्थी एक असाधारण समय में प्रवेश कर रहे हैं, जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, डिजिटल हेल्थ, एडवांस्ड इमेजिंग और प्रिसिजन मेडिसिन इस क्षेत्र में बदलाव ला रहे हैं। उन्होंने संस्थान में रोबोटिक सर्जरी और कंप्यूटर-एडेड डायग्नोसिस सुविधाओं के उद्घाटन को महत्वपूर्ण बताया।
हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टेक्नोलॉजी को कभी भी चिकित्सा के मानवीय पहलू की जगह नहीं लेनी चाहिए। उन्होंने कहा, "टेक्नोलॉजी डॉक्टर की मदद कर सकती है, लेकिन यह डॉक्टर के मानवीय पहलुओं की जगह नहीं ले सकती।" उन्होंने आगे कहा, "एक मशीन विश्लेषण कर सकती है। एक रोबोट मदद कर सकता है। एक एल्गोरिदम पैटर्न की पहचान कर सकता है। लेकिन एक मरीज को अभी भी ऐसे डॉक्टर की जरूरत होती है जो बात सुन सके, समझ सके, भरोसा दिला सके और जिम्मेदारी ले सके।"उपराष्ट्रपति ने चिकित्सा की डिग्री लेकर निकलने वाले युवाओं से आग्रह किया कि वे बीमारी का सही पता लगाने, बातचीत में ईमानदारी बरतने, इलाज में संवेदना दिखाने और हर फैसले में नैतिक बने रहने के जरिए ' 'सफेद कोट' से जुड़े भरोसे की रक्षा करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वैज्ञानिक उत्कृष्टता और मानवीय संवेदना हमेशा साथ-साथ चलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के विकसित भारत की साेच का एक प्रमुख आधार विभिन्न क्षेत्रों में उच्च शिक्षा का विस्तार है ।
पिछले बारह वर्षों में मेडिकल शिक्षा के विस्तार का ज़िक्र करते हुए श्री राधाकृष्णन ने कहा कि जहाँ पहले नई दिल्ली में सिर्फ़ एक एम्स था, वहीं अब 12 नए एम्स स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने देश भर में कई दीक्षांत समारोहों में शामिल होने के अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा उनमें डिग्रियाँ और मेडल हासिल करने वालों में पुरूषों की तुलना में महिलाएं अधिक थी। उन्होंने इसे एक स्वागत योग्य बदलाव बताया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह इस ग्रेजुएशन समारोह में 60 महिलाएँ और 32 पुरुष स्नातक डिग्री ले रहे हैं, जबकि 5 महिला और 2 पुरुष डॉक्टर परास्नातक की डिग्री प्राप्त कर रहे हैं।
इस समारोह में तमिलनाडु और केरल के राज्यपाल ,राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर; केरल की श्रम, पशुपालन और महिला एवं बाल विकास मंत्री बिंदु कृष्णा; एसयूटी एकेडमी ऑफ़ मेडिकल साइंसेज के चेयरमैन डॉ. ए.सी. षणमुगम ,केरल स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति, डॉ. मोहनन कुन्नूमल; संकाय, संस्थान के कर्मचारी, स्नातक छात्र और उनके परिवार के सदस्य शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित