होशियारपुर , सितंबर 28 -- अकाली दल वारिस पंजाब दे ने चावला मामले को लेकर सोमवारको शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी के आवास के बाहर धरना दिया और उनसे नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की।

पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद अमृतपाल सिंह के पिता बापू तरसेम सिंह के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने करीब साढ़े तीन घंटे धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने एसजीपीसी से मामले में उठ रहे सवालों का जवाब देने और एडवोकेट धामी के इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगाए।

श्री तरसेम सिंह और अन्य नेताओं ने कहा कि मामले में दर्ज प्राथमिकी और महिला के एसजीपीसी द्वारा संचालित सराय में लंबे समय तक ठहरने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले की पुलिस जांच जारी है और सराय से संबंधित अभिलेखों समेत सभी पहलुओं की निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यापक जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी, प्रबंधक या पदाधिकारी की जानकारी, लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की बात सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

पार्टी नेताओं ने कहा कि एसजीपीसी को सिख समुदाय की ओर से उठाए जा रहे सवालों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने एडवोकेट धामी से मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देने की मांग की।

यह मामला अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म की प्राथमिकी से जुड़ा है। पुलिस ने 21 अगस्त को शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया था और जांच आगे बढ़ाते हुए हाल में संबंधित लोगों से पूछताछ भी की है।

धरने में मनप्रीत सिंह अयाली, परमजीत सिंह जौहल, जसकरण सिंह कहन सिंह वाला, इकबाल झुंडा, सुखदेव सिंह कादियां समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित