नयी दिल्ली , अगस्त 20 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को गेहूं को छोड़कर सभी जिंसों के दाम बढ़ गये। गेहूं में नरमी रही।

औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत छह रुपये बढ़कर 4,107 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं छह रुपये सस्ता हुआ और 2,828 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत लगभग अपरिवर्तित रही।

दाल-दलहनों में उड़द दाल की औसत कीमत 25 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चना दाल 17 रुपये और तुअर दाल 16 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। मूंग दाल में 13 रुपये और मसूर दाल में छह रुपये प्रति क्विंटल की तेजी रही।

मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में नवंबर का पाम ऑयल वायदा 66 रिंगिट चढ़कर 4,959 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा 1.14 प्रतिशत चढ़कर 70.76 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया।

स्थानीय बाजार में सरसों तेल औसतन 31 रुपये और सूरजमुखी तेल 25 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सोया तेल में 24 रुपये और मूंगफली तेल में 10 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी रही। पाम ऑयल की कीमत चार रुपये बढ़ी जबकि वनस्पति की कीमत लगभग स्थिर रही।

मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव 53 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। चीनी भी 149 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित