नयी दिल्ली , फरवरी 09 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ चीनी और दालों की कीमतों में भी तेजी रही जबकि गेहूं में भी नरमी देखी गयी। खाद्य तेलों की कीमतों में उतार-चढ़ाव रहा।

औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 94 रुपये बढ़कर 3,850 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं भी 31 रुपये टूट गया और 2,851 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटा 42 रुपये सस्ता हुआ।

दाल-दलहनों में तेजी रही। तुअर दाल की औसत कीमत 198 रुपये बढ़ गयी। चना दाल 157 रुपये और मसूर दाल 130 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। मूंग दाल 102 रुपये और उड़द दाल 32 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।

विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अप्रैल वायदा आठ रिंगिट बढ़कर 4,162 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। अमेरिकी सोया तेल का मार्च वायदा भी 1.55 प्रतिशत की मजबूती के साथ 56.19 सेंट प्रति पौंड बोला गया।

स्थानीय बाजारों में सोया तेल की औसत कीमत 131 रुपये और पाम ऑयल की 102 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। सूरजमुखी तेल में 45 रुपये और मूंगफली तेल में 30 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट रही। वनस्पति की कीमत 88 रुपये और सरसों तेल की 39 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गयी।

मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव 118 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गये। चीनी भी 17 रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित